विश्व दिव्यांग दिवस पर राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित, 30 जुलाई तक करें प्रस्ताव प्रस्तुत -डीएम अविनाश कुमार

विश्व दिव्यांग दिवस पर राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित, 30 जुलाई तक करें प्रस्ताव प्रस्तुत -डीएम अविनाश कुमार

अलीगढ़ : जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिले के दिव्यांगजन, संस्थाओं, उद्योगों, शिक्षण संस्थानों, खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों से वर्ष-2026 के ’’विश्व दिव्यांग दिवस’’ के अवसर पर दिए जाने वाले विभिन्न राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किए जाने की व्यवस्था है। इसके अंतर्गत दक्ष दिव्यांग कर्मचारी एवं स्वनियोजित दिव्यांगजन, सर्वश्रेष्ठ नियोजक एवं प्लेसमेंट एजेंसी, दिव्यांगजन के हित में कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति एवं संस्था, प्रेरणास्रोत, नवीन अनुसंधान एवं उत्पाद विकास, बाधामुक्त वातावरण निर्माण, पुनर्वास सेवाओं में उत्कृष्ट जिला, सृजनशील दिव्यांग व्यक्ति, ब्रेल प्रेस, अनुकूलित वेबसाइट, दिव्यांग खिलाड़ी तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी सहित कुल 12 श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि ऐसे सभी पात्र व्यक्ति, संस्थाएं एवं संगठन जो उक्त श्रेणियों के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं, वे निर्धारित आवेदन पत्र के माध्यम से अपने प्रस्ताव जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध करा सकते हैं। उन्होंने जनपद के संबंधित विभागों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सामाजिक संगठनों से भी पात्र अभ्यर्थियों के आवेदन प्रेषित कराने का आह्वान किया है, ताकि जिले की उत्कृष्ट उपलब्धियों को राज्य स्तर पर उचित पहचान मिल सके।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि पुरस्कारों के लिए आवेदन एवं प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 30 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों एवं संस्थाओं से समय से आवेदन प्रस्तुत करने की अपील करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण और उनके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसका अधिकाधिक लाभ उठाया जाना चाहिए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *