HKS LOGO
अलीगढ़: राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा ’’जीरो कैजुअल्टी डिजास्टर मैनेजमेंट’’ के लक्ष्य को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देशों के क्रम में जिले में भीषण गर्मी एवं लू से बचाव के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रमोद कुमार ने बताया कि माननीय केंद्रीय गृह मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित आपदा तैयारियों की समीक्षा बैठक में आपदाओं के प्रति जन-जागरूकता और पूर्व तैयारी को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया है। इसी क्रम में जनपद के विभिन्न विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे आमजन तक लू से बचाव संबंधी संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाएं।
उन्होंने बताया कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान बढ़ते तापमान और हीट वेव की परिस्थितियों को देखते हुए नगर निगम के कूड़ा संग्रहण वाहनों, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, सामुदायिक रेडियो, आवासीय कल्याण समितियों, परिवहन सेवाओं और अन्य स्थानीय संचार माध्यमों का उपयोग कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। अभियान के माध्यम से नागरिकों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के एवं सूती वस्त्र पहनने तथा बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए जनसामान्य तक हीट वेव से बचाव के उपाय पहुंचाएं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही ष्शून्य जनहानिष् के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतें, स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्राप्त करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
