मा0 मुख्यमंत्री जी ने विधानसभा कोल, शहर व नगर निगम को दीं 462 करोड़ की सौगात
85 विकास परियोजनाओं का मा0 मुख्यमंत्री जी ने किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
आरएमपीएसयू के निमार्ण कार्य का किया निरीक्षण, समीक्षा भी की
कलैक्ट्रेट में लोक निर्माण विभाग के पुराने एवं नये कार्यों की कार्य योजना के संबंध की समीक्षा
अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने रविवार को अलीगढ़ में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए जनपद को 462 करोड़ रुपये लागत की 85 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इससे पूर्व मा0 मुख्यमंत्री जी ने राजा महेन्द्र प्रताप विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया और मा0 जनपद प्रभारी मंत्री, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक भी की। कलैक्ट्रेट पहुॅचकर लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा एवं नये कार्यों की कार्य योजना के संबंध में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक के साथ ही जिले के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि मण्डलायुक्त संगीता सिंह, डीआईजी प्रभाकर चौधरी, जिलाधिकारी अविनाश कुमार, एसएसपी नीरज कुमार जादौन सहित प्रशासनिक एवं जिलास्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मा0 मुख्यमंत्री ने नुमाइश मैदान में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विकास, विरासत और सुशासन को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में अलीगढ़ निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और विकास की यह यात्रा अविराम जारी रहेगी।
मा0 मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत ’’वृंदावन बिहारी लाल की जय’’ के उद्घोष के साथ की। उन्होंने अलीगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रवादी विरासत का स्मरण करते हुए महान स्वतंत्रता सेनानी एवं राष्ट्रनायक राजा महेन्द्र प्रताप सिंह को नमन किया। उन्होंने कहा कि इसी पावन भूमि से राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने विदेशी धरती पर भारत की प्रथम अस्थायी सरकार का गठन कर स्वतंत्रता संग्राम का शंखनाद किया था। मा0 मुख्यमंत्री ने बाबा खेरेश्वर महादेव, अचलेश्वर महादेव सहित जिले के प्राचीन धार्मिक स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन धरोहरों ने अलीगढ़ को विशिष्ट पहचान प्रदान की है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय बाबूजी कल्याण सिंह को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और संकल्पों ने अलीगढ़ सहित प्रदेश के विकास को नई दिशा दी।
मा0 मुख्य मंत्री जी ने कहा कि कोल एवं शहर विधानसभा क्षेत्रों सहित पूरे जनपद में विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। विकास की प्रक्रिया किसी भी स्थिति में रुकने वाली नहीं है। मा0 प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर जनकल्याण एवं विकास की योजनाओं को धरातल पर उतार रही हैं। मा0 मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ के कारीगरों, हस्तशिल्पियों एवं उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके परिश्रम और कौशल ने अलीगढ़ को ताला नगरी के रूप में विश्वव्यापी पहचान दिलाई है। आज यही अलीगढ़ रक्षा उत्पादन एवं सुरक्षा उपकरणों के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की ओर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना से अलीगढ़ को नई शैक्षिक पहचान मिली है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर का आधुनिक स्वरूप विकसित किया जा रहा है। समीक्षा के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि अलीगढ़ क्षेत्र में केवल लोक निर्माण विभाग की लगभग 2800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिन पर तेजी से कार्य प्रगति पर है। इनमें सड़क निर्माण, फ्लाईओवर, पॉलीटेक्निक संस्थान, अस्पताल, महाविद्यालय एवं विभिन्न जनसुविधा केंद्रों का निर्माण शामिल है। मा0 मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ’’विकास और विरासत’’ के समन्वय के साथ आगे बढ़ रही है। विकास का कोई विकल्प नहीं है, लेकिन नागरिकों की सुरक्षा एवं सहूलियत के साथ समग्र विकास करना ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास तभी संभव होता है जब जनता ऐसे जनप्रतिनिधियों का चयन करे जिनके पास विकास की स्पष्ट दृष्टि और जनसेवा का संकल्प हो। प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि उन्हें दोपहर में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करने व राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने का अवसर मिला। समीक्षा में विकास परियोजनाओं की प्रगति संतोषजनक पाई गई और सरकार भविष्य में भी जनपद के विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। इस दौरान मा0 मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी इच्छा अलीगढ़ में अधिक समय बिताने की थी, लेकिन लखनऊ में हुई दुखद घटना के कारण उन्हें तत्काल वापस लौटना पड़ रहा है। उन्होंने घटना में प्रभावित बच्चों एवं उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मा0 मुख्यमंत्री जी ने बताया कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक तथा अपर मुख्य सचिव गृह को घटनास्थल पर भेजकर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी एवं प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मा0 सांसद श्री सतीश गौतम ने कहा कि देश और प्रदेश के निर्माण में पूरा जीवन लगाने वाले यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जिले एवं आसपास के छात्रों को उच्च शिक्षा में प्रवेश के लिए इधर उधर न भटकना पड़े, इसके लिए राजा महेंद्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी का निर्माण कराया। देश की रक्षा व सुरक्षा को मजबूत करने के लिए डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण कराया, अब यहां के गोला बारूद देश के दुश्मनों पर बरसेंगे। आज योगी-मोदी की सरकार में हमारी बहू-बेटियां सुरक्षित हैं। उन्होंने मंच से केंद्र व प्रदेश सरकार की कई बड़ी परियोजनाओं एवं विकास कार्यों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि जिले में पर्यटन विकास के अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। सड़कों, हाइवे का जाल बिछाया गया है। श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय, मिनी स्टेडियम बनाए जाने के साथ ही पीपीपी मॉडल पर बस अड्डे का कार्य प्रगति पर है। योगी जी के नेतृत्व में प्रदेश में भयमुक्त शासन कायम हुआ है।
मा0 विधायक कोल श्री अनिल पाराशर ने कहा कि कोल विधानसभा के विकास कार्य प्रदेश की 10 अग्रणी विधानसभाओं में शामिल हैं। नगर सीमा विस्तार में कोल के 35 ग्र्राम, नगर पंचायत मडराक का गठन, डीडीयू में क्रिटिकल केयर यूनिट समेत अलीगढ़ एयरपोर्ट का विस्तारीकरण व स्मार्ट सिटी और सीएम ग्रिड योजना से विधानसभा क्षेत्र में विकास की गंगा बहाई जा रही है। मा0 विधायक ने एयरपोर्ट से आरएमपीएसयू तक मेट्रो, क्वार्सी-बाईपास चौड़ीकरण, डीडीयू चिकित्सालय को मेडिकल कॉलेज, गड़राना में डिग्री कॉलेज, मडराक में कंपोजिट विद्यालय एवं गंगा परियोजना के माध्यम से जिले को पानी उपलब्ध कराए जाने का भी प्रस्ताव रखा।
इसके साथ ही ठा0 रघुराज सिंह, मा0 एमएलसी डा0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह, मा0 एमएलसी चौ0 ऋषिपाल सिंह, जिलाध्यक्ष श्री कृष्णपाल सिंह एवं महानगर अध्यक्ष इंजी0 राजीव शर्मा ने भी जनसभा को संबोधित किया। इससे पूर्व पार्टी पदाधिकारियों की ओर से मा0 मुख्यमंत्री जी को राधा-कृष्ण, मा0 विधायक कोल ने ताला-चाबी, मा0 विधायक शहर ने हनुमान जी, जिलाध्यक्ष ने भगवान श्री कृष्ण एवं महानगर अध्यक्ष ने तिरूपति भगवान की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत व सम्मान किया गया।
अलीगढ़ भ्रमण कार्यक्रम के दौरान मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा सोमवार को लगभग 462 करोड़ रूपये धनराशि की विधानसभा कोल, शहर एवं नगर निगम की 85 परियोजनाआंे का बटन दबाकर लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। जिसमें 177 करोड़ रूपये की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 285 करोड़ की 45 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। विस्तृत जानकारी के अनुसार विधानसभा कोल की 118 करोड़ की 58 परियोजनाओं में 60.28 करोड़ रूपये की 27 परियोजनाओं लोकार्पण व 58 करोड़ की 31 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसी प्रकार विधानसभा शहर की लगभग लगभग 29 करोड़ की 18 परियोजनाओं में 7.82 करोड़ की 06 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 20.55 करोड़ की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास जबकि नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले लगभग 315 करोड़ की 09 परियोजनाओं में 108.76 करोड़ की 07 परियोजनाआंे का लोकार्पण एवं 206.57 करोड़ की 02 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर मा0 जनपद प्रभारी मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, मा0 बेसिक शिक्षा मंत्री श्री संदीप सिंह, मा0 राजस्व राज्यमंत्री श्री सुरेन्द्र दिलेर, ठा0 रघुराज सिंह, मा0 सांसद श्री सतीश कुमार गौतम एवं श्री अनूप प्रधान, मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह, मा0 महापौर श्री प्रशांत सिंघल, मा0 एमएलसी डा0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह, चौ0 ऋषिपाल सिंह एवं प्रो0 तारिक मंसूर, मा0 विधायक श्री अनिल पाराशर, श्रीमती मुक्ता संजीव राजा, ठा0 जयवीर सिंह, ठा0 रवेन्द्र पाल सिंह, श्री राजकुमार सहयोगी, श्री आर0 पी0 सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष श्री कृष्णपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष इंजी0 राजीव शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। जनसभा कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री श्री शिवनारायण शर्मा एवं पूनम शर्मा द्वारा किया गया।
