योग के संदेश के साथ पंचदिवसीय अनुभावात्मक शिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन’
अलीगढ़ : माई भारत अलीगढ़ (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर श्री दाऊजी सेवाधाम वृद्धाश्रम, में योग एवं अनुभावात्मक शिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी के साथ पंचदिवसीय अनुभावात्मक शिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी सोनाली नेगी एवं वरिष्ठ लेखाकार महिपाल सिंह ने युवाओं को योग के प्रति जागरूक करते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। जिला युवा अधिकारी ने युवाओं को अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया। जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए युवाओं को योग शिक्षक श्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा योग के महत्व एवं उससे होने वाले अनेक शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक लाभों की जानकारी दी गई तथा विभिन्न योगाभ्यास कराए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों एवं युवाओं के मध्य संवेदनशील संवाद स्थापित किया गया। अनुभावात्मक शिक्षण गतिविधि के माध्यम से युवाओं ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया तथा उनके जीवन अनुभवों, पुरानी स्मृतियों एवं सामाजिक जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान वृद्धाश्रम में पारिवारिक एवं आत्मीय वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों ने बताया कि वृद्धजनों के साथ समय बिताना उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं भावनात्मक अनुभव रहा। इस प्रकार की गतिविधियाँ समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सामाजिक समरसता एवं मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करती हैं। इस अवसर पर विवेक कुमार, यथार्थ सैनी, हिमांशी, अभय, जितेन्द्र सहित अन्य युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
