इच्छुक हज यात्री 20 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन
अलीगढ़ 25 जून 2026 : हज कमेटी ऑफ इण्डिया मुम्बई ने हज-2027 की आधिकारिक घोषणा कर दी है, जिसके अनुसार इच्छुक हज आवेदक हज कमेटी आफ इण्डिया की वेबसाइटएवं मोबाइल एप्लीकेशन ’’हज सुविधा’’ पर 20 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी निधि गोस्वामी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि जुलाई 2026 के अन्तिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) प्रक्रिया के उपरान्त प्रत्येक प्रोविजनल चयनित हज यात्री को 1,52,300 रूपये की अग्रिम धनराशि 10 अगस्त 2026 तक जमा करनी होगी। आवेदन निश्चित समय सीमाओं के भीतर किया जाना आवश्यक होगा। इन समय सीमाओं में किसी प्रकार की छूट अथवा विस्तार सम्भव नहीं होगा। उन्होंने इच्छुक हज आवेदकों से अनुरोध किया है कि वह वेबसाइट- www.hajcommittee.gov.in व www.hajcommittee.up.gov.in पर उपलब्ध हज-2027 की पॉलिसी, हज गाइडलाइसं को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। ऑनलाइन आवेदन के लिये निम्न प्रपत्रों की स्कैण्ड प्रति अपलोड किया जाना अनिवार्य हैः-
मशीन पठनीय अन्तर्राष्ट्रीय पासपोर्ट के प्रथम व अन्तिम पृष्ठ जो आवेदन की अन्तिम तिथि तक जारी किया गया हो एवं 31.12.2027 तक वैध हो, नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक, पते का प्रमाण पत्र। हज के चयन उपरान्त सीट निरस्त कराने पर हज-2027 की गाइडलाइंस के नियमानुसार जमा धनराशि में कटौती की जायेगी, इसलिये इच्छुक हज यात्रियों को सलाह है कि आवेदन करने से पूर्व अपनी तैयारी व हज यात्रा करने की दृढ़ प्रतिबद्धता सुनिश्चित कर आवेदन करें। वर्ष 2027 में हज यात्रा पर जाने वाले इच्छुक हज यात्री उपरोक्तानुसार आवेदन करने की कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
