प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण, लोक कल्याण मेले में स्ट्रीट वेंडर्स को मिला सम्मान
इगलास विधायक बोलेकृ स्वनिधि योजना ने लाखों पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भरता की नई पहचान दी
अलीगढ़ 25 जून 2026 : भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय और उत्तर प्रदेश शासन के नगरीय विकास विभाग के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जवाहर भवन स्थित सभागार में भव्य लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पथ विक्रेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता कर योजना की उपलब्धियों का उत्सव मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मा0 विधायक इगलास श्री राजकुमार सहयोगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना देश के लाखों रेहड़ी-पटरी और पथ विक्रेताओं के लिए आर्थिक संबल बनकर उभरी है। योजना ने छोटे व्यापारियों को न केवल वित्तीय सहायता प्रदान की है, बल्कि उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की नई दिशा भी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
लोक कल्याण मेले में उपस्थित पथ विक्रेताओं को योजना के विभिन्न लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पात्र लाभार्थियों को बिना गारंटी ऋण, डिजिटल लेनदेन पर कैशबैक, समय से ऋण चुकाने पर ब्याज अनुदान तथा क्रमिक रूप से अधिक राशि के ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से हजारों परिवारों की आजीविका मजबूत हुई है और वे आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं ने शहरी गरीबों, स्ट्रीट वेंडर्स और लघु उद्यमियों को मुख्यधारा से जोड़ने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना वित्तीय समावेशन, डिजिटल भुगतान और स्वरोजगार को बढ़ावा देने का एक सफल मॉडल बनकर उभरी है। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने वाले वेंडर्स, क्रेडिट कार्ड का प्रभावी उपयोग करने वाले लाभार्थियों तथा योजना के सफल संचालन में योगदान देने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त राकेश यादव, परियोजना अधिकारी डूडा कौशल कुमार, पार्षद विनोद माहौर, दीपक कुमार, संजय माहौर, योगेश सिंघल एवं राजकुमार, शहर मिशन प्रबंधक अनीस अहमद एवं राधेश्याम, सामुदायिक आयोजक अमित कुमार जौहरी, रोविन सिंह, अब्दुल रऊफ और सुल्तान अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने तथा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देकर आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
