पत्रकारों के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाना होगा आसान
मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए जल्द शुरू होगा नया ऑनलाइन पोर्टल
लखनऊ/अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश सरकार ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के हितों को ध्यान में रखते हुए आयुष्मान भारत योजना के लाभ को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने बताया कि पत्रकार बन्धुओं को आयुष्मान कार्ड बनवाने में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके तहत जल्द ही एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिससे आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सरल, पारदर्शी और त्वरित हो सकेगी।
सूचना निदेशक ने बताया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया है, लेकिन विभिन्न कारणों से उनका कार्ड अभी तक जारी नहीं हो पाया है, वे beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने आवेदन की वर्तमान स्थिति देख सकते हैं। यदि पोर्टल पर उनका नाम प्रदर्शित हो रहा है और किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, तो वे अपने जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक संशोधन करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन पत्रकारों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है अथवा आवेदन करने के बावजूद उनका कार्ड नहीं बन सका है, उनके लिए विभाग शीघ्र ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल प्रारंभ करने जा रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकार अपने जिले के जिला सूचना कार्यालय के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। इससे आवेदन प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी तथा पात्र पत्रकारों को आयुष्मान योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि पोर्टल शुरू होते ही इसकी जानकारी सभी जिलों को तत्काल उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि कोई भी पात्र पत्रकार इस सुविधा से वंचित न रहे।
सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार ने विश्वास व्यक्त किया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद आयुष्मान कार्ड से जुड़ी अधिकांश व्यावहारिक समस्याओं का त्वरित समाधान होगा और पत्रकार बन्धुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ सहजता से मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और उनकी सामाजिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। इसी उद्देेश्य के तहत विभिन्न सुविधाओं को अधिक प्रभावी और सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आयुष्मान कार्ड संबंधी यह नई पहल भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे मान्यता प्राप्त पत्रकारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में और अधिक सुविधा मिलेगी। उन्होंने जिले के सभी मान्यता प्राप्त पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है या आयुष्मान कार्ड में कोई त्रुटि है तो अपना विवरण जिला सूचना कार्यालय में उपलब्ध करा दें ताकि आपकी सूचना निदेशालय प्रेषित की जा सके।