जिले में विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर आवेदन आमंत्रित- 25 जुलाई तक जिला न्यायालय में जमा किए जा सकेंगे आवेदन, पात्रता एवं प्रारूप उच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध
अलीगढ़ : माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देशों के क्रम में जनपद अलीगढ़ में विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट के एक पद पर नियुक्ति के लिए पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रारूप पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला न्यायाधीश पंकज कुमार अग्रवाल ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी नियुक्ति से संबंधित पात्रता, शर्तें और आवेदन पत्र का निर्धारित प्रारूप माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को अपना आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में भरकर, शैक्षिक योग्यता के प्रमाण-पत्र, शासकीय सेवा से सेवानिवृत्ति का प्रमाण-पत्र, पिछले पाँच वर्षों की चरित्र पंजिका प्रविष्टियों सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ 25 जुलाई को सायं 5 बजे तक जिला न्यायालय, अलीगढ़ स्थित कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा, ताकि उसे समय से माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद को अग्रसारित किया जा सके।
जिला न्यायाधीश ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त अथवा अपूर्ण आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे आवेदन उच्च न्यायालय को अग्रसारित नहीं किए जाएंगे। इसलिए सभी इच्छुक अभ्यर्थी समय सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए अपना आवेदन पूर्ण दस्तावेजों सहित समय से जमा करें।
