35 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में बालिकाओं को मिलेगा आत्मरक्षा प्रशिक्षण, प्रशिक्षकों से आवेदन आमंत्रित
अलीगढ़ : जनपद के 35 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मार्शल आर्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके लिए जूडो, ताइक्वांडो, कराटे आदि विधाओं के प्रशिक्षित ट्रेनर्स के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से 10 अगस्त 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित इस कार्यक्रम में प्रशिक्षकों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय समिति द्वारा किया जाएगा। चयन के लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्था से मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट का प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में प्रशिक्षण देने के इच्छुक अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
चयनित प्रशिक्षक आवंटित विद्यालयों में तीन माह तक प्रतिदिन 40 मिनट का प्रशिक्षण देंगे। प्रत्येक विद्यालय के लिए तीन माह की अवधि का अधिकतम 15 हजार रुपये मानदेय निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षकों के चयन में सर्वप्रथम महिला प्रशिक्षकों को वरीयता दी जाएगी। महिला प्रशिक्षक उपलब्ध न होने की स्थिति में पुरुष प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा। अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप पर अपना आवेदन कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक, अलीगढ़ में 10 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। चयन प्रक्रिया, पात्रता एवं आवेदन प्रारूप की विस्तृत जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक के पोर्टल पर उपलब्ध है।